जशपुर,05 अप्रैल (वेदांत समाचार) । जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बगीचा थाना क्षेत्र के बिसबहरी गांव में बीते दिन से लापता दो मासूम बच्चों के शव रविवार को गांव के पास स्थित एक तालाब में तैरते हुए मिले। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार शाम से अचानक लापता हो गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने बगीचा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस भी बच्चों की तलाश में जुट गई थी। इसी बीच रविवार को गांव के पास स्थित एक तालाब में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए देखे गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
