कोरबा, 09 जुलाई (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की महिला अधिकारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता का परचम लहराया है। नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इंडियन PSU नारी शक्ति सम्मान-2026 समारोह में SECL की पांच महिला अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर SECL ने देश के सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
कोरबा जिले के गेवरा और दीपका क्षेत्रों के लिए यह विशेष गौरव का क्षण रहा। गेवरा क्षेत्र की प्रबंधक (मानव संसाधन) लकिता को कार्यस्थल पर महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने तथा समावेशी कार्य संस्कृति विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘विमेन एम्पावरमेंट एडवोकेट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं दीपका क्षेत्र की लीगल इंस्पेक्टर ज्योति पांडे को विधिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘बेस्ट लीगल प्रोफेशनल अवार्ड’ प्रदान किया गया।
इसके अलावा SECL मुख्यालय बिलासपुर की सहायक प्रबंधक (सिस्टम) ख्याति नेताम को ‘बेस्ट यूज ऑफ आईटी अवार्ड’, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संजीवनी पाणिग्रही को ‘यंग प्रोफेशनल ऑफ द ईयर’ तथा चिरमिरी क्षेत्र की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपमा दुबे को ‘सोशल सर्विस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
समारोह में सभी पुरस्कार व्हाइट डॉल्फिन मीडिया के चेयरमैन विवेक अवस्थी तथा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा ने प्रदान किए। इस अवसर पर देशभर के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने प्रबंधक (एचआर) लकिता को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वहीं दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने ज्योति पांडे को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सम्मान पूरे दीपका क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य महिला अधिकारियों व कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी।
SECL की महिला अधिकारियों को मिले इन राष्ट्रीय सम्मानों को कंपनी में महिला नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इंडियन PSU नारी शक्ति सम्मान-2026 में सर्वाधिक पुरस्कार हासिल कर SECL ने एक बार फिर यह साबित किया है कि महिला सशक्तिकरण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने में वह देश के अग्रणी सार्वजनिक उपक्रमों में शामिल है।

