कोरबा में देर रात बारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ONC और सेंट्रल प्वाइंट बार में छापा, नियम तोड़ने पर मैनेजरों पर कार्रवाई - vedantsamachar.in

कोरबा में देर रात बारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ONC और सेंट्रल प्वाइंट बार में छापा, नियम तोड़ने पर मैनेजरों पर कार्रवाई

कोरबा, 09 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो प्रमुख बारों पर आकस्मिक छापेमारी की। पुलिस ने पाम मॉल स्थित ओएनसी (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट बार में आबकारी नियमों और निर्धारित समय का उल्लंघन करते हुए ग्राहकों को शराब परोसे जाने की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बार मैनेजरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आबकारी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि पाम मॉल स्थित ओएनसी (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में निर्धारित समय के बाद भी शराब परोसी जा रही है और देर रात तक पार्टी आयोजित की जा रही है।

शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात दोनों बारों में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि दोनों प्रतिष्ठानों में आबकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। इसके बाद दोनों बारों के मैनेजरों को थाना लाकर उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में पाम मॉल स्थित ओएनसी (One Night Club) से देर रात शराब पीकर निकले एक व्यक्ति ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन को लापरवाहीपूर्वक मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद कोरबा पुलिस ने आरोपी रमन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद से देर रात संचालित होने वाले बारों और क्लबों पर पुलिस की निगरानी और सख्त कर दी गई है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति, होटल, बार या अन्य प्रतिष्ठान के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने बार संचालकों को निर्धारित समय, आबकारी नियमों और कानून का पूरी तरह पालन करने की सख्त हिदायत भी दी है।