रायगढ़, 08 मई (वेदांत समाचार)। जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़, चौकी जोबी और थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुखबिर सूचना पर की गई रेड कार्रवाई में हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब, शराब निर्माण सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2),59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली में सकुन्तला सारथी अपने घर में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी एवं निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर शराब खरीदने पहुंचे लोग मौके से भाग निकले। मौके पर मौजूद सकुन्तला सारथी के कब्जे से एक बड़ी जरीकेन और अन्य प्लास्टिक जरीकेन में कुल 70 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 14 हजार रुपये है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर शराब जब्त कर आरोपिया को गिरफ्तार किया गया।
चौकी जोबी क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बर्रा निवासी रतन सिंह राठिया खेत के पास डोमनारा नाला क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण कर बिक्री कर रहा है। चौकी प्रभारी लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की। मौके पर शराब पीने वाले लोग पुलिस को देखकर भाग निकले जबकि आरोपी रतन सिंह राठिया को पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, डिस्पोजल गिलास और शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन बरामद कर जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रिमांड पर भेजा गया। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक थैले में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए रामभांठा की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी नीरज टोप्पो उर्फ धोंदो* को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद हुई जिसे जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया । कार्रवाई में थाना कोतरारोड़, चौकी जोबी और थाना कोतवाली का पुलिस स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहा। साथ ही “ऑपरेशन आघात” के तहत कल जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की गई। थाना जूटमिल पुलिस ने पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड के पास आरोपी पीताम्बर लहरे उम्र 27 वर्ष के कब्जे से 15 पाव देशी प्लेन शराब जप्त की। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी में आरोपी शिव प्रसाद वैष्णव के कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब तथा ग्राम नंदेली में आरोपी कुंती सारथी के कब्जे से 2.5 लीटर महुआ शराब बरामद कर कार्रवाई की। वहीं थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम सुहाई में तीन अलग-अलग आरोपियों के कब्जे से 3-3 लीटर महुआ शराब जप्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। जिलेभर में चलाए गए “ऑपरेशन आघात” के दौरान एक ही दिन में 100 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त कर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया।

