IPL 2026: खिलाड़ियों को अनजान लड़कियों से खतरा, होटल की होगी अचानक तलाशी, BCCI ने बनाए कड़े नियम – vedantsamachar.in

IPL 2026: खिलाड़ियों को अनजान लड़कियों से खतरा, होटल की होगी अचानक तलाशी, BCCI ने बनाए कड़े नियम

नई दिल्ली, 08 मई : आईपीएल 2026 सीजन का आधे से ज्यादा सफर पूरा हो चुका है लेकिन इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक सख्त आदेश ने हिला दिया है. BCCI ने लीग में हिस्सा ले रही सभी टीमों के लिए कड़ी गाइडलाइन जारी की है, जो खिलाड़ियों के साथ ही टीम अधिकारियों और फ्रेंचाइजी मालिकों पर लागू होगी. BCCI ने खिलाड़ियों और अधिकारियों के हनी-ट्रैप की आशंका जताते हुए अनजान लोगों के संपर्क को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी है. बोर्ड ने साफ किया है कि किसी भी अनजान शख्स की टीम होटल या ड्रेसिंग रूम में एंट्री बिना इजाजत नहीं होगी.

हनी-ट्रैप और लीक जैसे खतरों को लेकर चेतावनी
IPL 2026 में अचानक कुछ खिलाड़ियों की पार्टनर, रिश्तेदारों और दोस्तों से जुड़ी घटनाओं के सामने आने के बाद BCCI हरकत में आई. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की एंटी करप्शन यूनिट की एक रिपोर्ट में अनजान लोगों के संपर्क के चलते हनी-ट्रैप की आशंका जताई गई, जिसका फायदा उठाकर टीम या मैच से जुड़ी अहम जानकारियों के लीक होने का खतरा है. इसके बाद ही BCCI ने सभी 10 टीम को 8 पेज का एक विस्तृत दिशा-निर्देश भेजा है और सख्ती से लागू करने को कहा है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया है कि BCCI ने इस दस्तावेज में टीम मालिकों और उनके अधिकारियों को बताया है कि इस सीजन के दौरान कई मामलों में सुरक्षा और अन्य प्रोटोकॉल का उल्लंघन पाया गया है. ये उल्लंघन खिलाड़ियों, अधिकारियों और यहां तक कि मालिकों की ओर से देखने को मिले हैं. बोर्ड ने साफ किया कि टूर्नामेंट के दौरान लीग के अनुशासन, सुरक्षा और सतर्कता को फिर से मजबूत बनाने के लिए ये गाइडलाइन जारी की गई है.

खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और मालिकों को सख्त हिदायत
BCCI सचिव देवजित सैकिया की ओर से टीमों को भेजी गई गाइडलाइन में खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम मालिकों को कुछ प्रमुख बातों को लेकर सतर्क और सजग रहने की हिदायत दी गई है. इसके मुताबिक,

कोई भी शख्स, जिसका टीम के सदस्य के साथ कैसा भी संबंध हो, टीम मैनेजर की पूर्व जानकारी और लिखित अनुमति के बिना खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के होटल रूम में एंट्री नहीं कर सकता.


खिलाड़ियों-सपोर्ट स्टाफ से मिलने आ रहे मेहमानों को सिर्फ होटल की लॉबी या रिसेप्शन लाउंज में ही मिलने की इजाजत होगी. टीम मैनेजर से लिखित इजाजत के बिना किसी भी गेस्ट को होटल में प्राइवेट रूम तक नहीं ले जाया जाएगा.


सभी फ्रेंचाइजी को ‘टारगेटेड कॉम्प्रोमाइज’ और ‘हनी ट्रैपिंग’ के खतरे को लेकर भी आगाह किया जाता है जो कि इस तरह के हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट के दौरान अक्सर देखने को मिलते हैं. सेक्सुल हरासमेंट से संबंधित भारतीय कानूनों के तहत गंभीर कानूनी आरोपों की घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है. इसलिए फ्रेंचाइजी को हर समय सतर्क रहना चाहिए और ऐसे जोखिमों को कम करने के लिए सक्रिय कदम उठाने चाहिए.


खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम मालिकों-अधिकारियों को होटल और स्टेडियम में हर वक्त अपना एक्रेडिटेशन कार्ड पहनकर रखना होगा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो.


साथ ही टीम मालिकों-अधिकारियों को किसी भी स्थिति में मैच के दौरान खिलाड़ियों-सपोर्ट स्टाफ से मिलने, बात करने या कुछ भी निर्देश देने की इजाजत नहीं होगी, फिर चाहे वो डगआउट हो या टीम का ड्रेसिंग रूम.


होटल की तलाशी करेगी टास्क फोर्स

इसके अलावा बोर्ड ने साफ किया है कि BCCI और IPL की ऑपरेशन टीम को मिलाकर एक खास टास्क फोर्स बनाई गई है. ये टास्क फोर्स कभी भी होटल की तलाशी ले सकती है और अगर इस दौरान कोई भी ऐसा शख्स मिलता है, जो बिना इजाजत के वहां मौजूद हो तो दोषी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ या टीम मालिकों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.