रायपुर में संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद, हंस ट्रेवल्स कार्यालय में पुलिस की रेड – vedantsamachar.in

रायपुर में संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद, हंस ट्रेवल्स कार्यालय में पुलिस की रेड

रायपुर, 6 मई 2026 (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। यह रकम हंस ट्रेवल्स के कार्यालय से मिली, जिसे कोलकाता से दिल्ली भेजा जा रहा था। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स में एक पार्सल संदिग्ध है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान ट्रेवल्स कार्यालय से तीन सफेद रंग के बोरों में भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम में 20 रुपये के नोटों की 400 गड्डियां और 10 रुपये के नोटों की 800 गड्डियां शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 16 लाख रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में छोटे नोटों का मिलना मामले को और संदिग्ध बना रहा है।

इस मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बरामद नगदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचना भेज दी है, ताकि इसके स्रोत और वैधता की जांच की जा सके।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। मामले के खुलासे के बाद और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।