पुरी पहुंचने से पहला सुस्त पड़ा जवाद, तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू…

पुरी 05 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात जवाद ओडिशा के पुरी पहुंचने से पहले ही सुस्त पड़ता नजर आया। आज दोपहर तक पुरी से टकराने की संभावना है। कमजोर पड़ने के बाद जवाद से नुकसान भी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पुरी में जमीन से टकराने के पहले चक्रवात और भी कमजोर होते हुए गहरे दबाव में पहुंच जाएगा। पुरी में बारिश शुरू हो गई है। तूफान के कमजोर पड़ने से नुकसान और तबाही कम होने की संभावना है। हालांकि, आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है।

तूफान के कमजोर होने के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, इस दौरान कई राज्यों में बारिश की आशंका जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में गंगा के तटों से लगते क्षेत्रों और उत्तरी ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा सोमवार को असम, मेघालय और त्रिपुरा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।