जशपुर में शॉर्ट फिल्म ‘ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर’ का भव्य शुभारंभ, साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता का संदेश

जशपुर, 05 अप्रैल (वेदांत समाचार)। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बनाई गई शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का भव्य शुभारंभ जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कौशल्या देवी साय और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक और फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही।

यह फिल्म जशपुर के एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित एवं अभिनीत है, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। फिल्म का मुख्य उद्देश्य साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों को प्रभावी ढंग से दिखाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों—प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, ऋभु समर्थ सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन और राम प्रकाश पाण्डेय—ने अपने अनुभव साझा किए। स्थानीय कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया और सभागार में उपस्थित लोगों ने फिल्म को समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक पहल बताया।

मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड पर आधारित यह फिल्म लोगों को सतर्क और जागरूक बनाने में प्रभावी साबित होगी। वहीं, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने भी एसएसपी शशि मोहन सिंह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता संदेशों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और उन्हें फिल्मों में काम करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने “जशरंग महोत्सव” को आगे भी जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने कहा कि फिल्म को लेकर लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और इसका उद्देश्य साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि फिल्म को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि इसका उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।