रायपुर, 05 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार क्रेशर इकाइयों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और डिप्टी डायरेक्टर खनिज राजेश मालवे के मार्गदर्शन में शनिवार को धरसीवा विधानसभा क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने खरोरा ब्लॉक के ग्राम धनसुली और मुरा में स्थित चूना पत्थर खदानों और क्रेशर इकाइयों पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें खनिज एवं पर्यावरण नियमों का उल्लंघन कर खनन कार्य किया जाना शामिल है।
जांच में ग्राम धनसुली स्थित श्री महालक्ष्मी लाइम स्टोन (प्रो. जितेन्द्र अग्रवाल), आशापुरा स्टोन क्वारी (प्रो. बाड़ीलाल पटेल), आशीष अग्रवाल की खदान और राजेश भवनानी के क्रेशर में अनियमितताएं पाई गईं। वहीं ग्राम मुरा स्थित रीराम इंटरप्राइजेज (प्रो. प्रकाश आडवाणी) की इकाई में भी नियमों का उल्लंघन सामने आया। टीम को जांच के दौरान कई स्थानों पर स्वीकृत क्षमता से अधिक खनिज भंडारण और अवैध भंडारण भी मिला।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों क्रेशर इकाइयों को सील कर दिया। साथ ही संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
उल्लेखनीय है कि खनिज विभाग ने तीन दिन पूर्व मंदिरहसौद क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए कई इकाइयों को सील किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
