दक्षिण कोरिया की टेक दिग्गज सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक ने इतिहास रचते हुए $1 ट्रिलियन मार्केट वैल्यूएशन हासिल कर लिया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की तेज मांग ने कंपनी के शेयरों को रॉकेट बना दिया है. निवेशकों के बढ़ते भरोसे और ग्लोबल टेक रैली के बीच सैमसंग ने यह मुकाम छुआ, जिससे एशियाई बाजारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
AI क्रांति के बीच टेक दुनिया में एक और बड़ा मील का पत्थर जुड़ गया है. सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने $1 ट्रिलियन मार्केट कैप हासिल कर लिया है, जिससे यह ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी के बाद इस क्लब में शामिल होने वाली दूसरी एशियाई कंपनी बन गई है.
क्यों बढ़ी वैल्यू?
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ी वजह AI चिप्स की बढ़ती मांग है. पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में चार गुना से ज्यादा उछाल आया है. बुधवार को शुरुआती कारोबार में ही शेयरों में करीब 11% की तेजी देखी गई, जिससे कोरिया का प्रमुख इंडेक्स KOSPI 7,000 के पार निकल गया. Samsung, SK Hynix और TSMC मिलकर ग्लोबल AI सप्लाई चेन के केंद्र बन चुके हैं. डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग और मशीन लर्निंग की बढ़ती जरूरतों ने मेमोरी चिप्स खासतौर पर DRAM और NAND की मांग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है.
कंपनी का रिकॉर्ड बढ़ा मुनाफा
हाल ही में कंपनी की सेमीकंडक्टर यूनिट ने मार्च तिमाही में रिकॉर्ड मुनाफा दर्ज किया, जो AI डेटा सेंटर से मिले बड़े ऑर्डर्स की वजह से संभव हुआ. मुनाफे में 48 गुना तक की बढ़ोतरी ने निवेशकों को चौंका दिया. विश्लेषकों का मानना है कि सीमित सप्लाई के कारण चिप्स की कीमतें आगे भी ऊंची बनी रहेंगी, जिससे कंपनी को लगातार फायदा होगा. दिलचस्प बात यह है कि एपल भी अपने प्रोसेसर निर्माण के लिए सैमसंग के साथ शुरुआती बातचीत कर रही है. अगर यह डील आगे बढ़ती है, तो एपल को TSMC पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिल सकता है.
कंपनी के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं. मोबाइल और डिस्प्ले बिजनेस में गिरावट देखी जा रही है, जबकि कच्चे माल की बढ़ती लागत दबाव बना रही है. वहीं, AI से हो रही भारी कमाई के बीच कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग तेज कर दी है और हड़ताल की चेतावनी भी दी है. इसके बावजूद मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि सैमसंग के शेयरों में अभी भी करीब 30% तक की और तेजी की गुंजाइश है. मौजूदा वैल्यूएशन भी ऐतिहासिक स्तर से कम है, जिससे निवेशकों के लिए आकर्षण बना हुआ है.
