राजनांदगांव जिले के विकास में महंत राजा दिग्विजय दास एवं रानी सूर्यमुखी देवी का रहा विशेष योगदान : डॉ. रमन सिंह – vedantsamachar.in

राजनांदगांव जिले के विकास में महंत राजा दिग्विजय दास एवं रानी सूर्यमुखी देवी का रहा विशेष योगदान : डॉ. रमन सिंह

सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्णिमा साहू एवं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने किया पदभार ग्रहण

राजनांदगांव 6 मई 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थित में आज स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने हस्ताक्षर कर पदभार ग्रहण किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी को नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में स्वतंत्रता के पहले 565 से अधिक रियासतें थी। उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश के एकीकरण का कार्य किया। राजनांदगांव के तत्कालीन महंत राजा दिग्विजय दास ने विलय पत्र पर सबसे पहले हस्ताक्षर किए। उन्होंने रेलवे लाईन एवं औद्योगिक विकास के लिए जमीन दान में दी, जिससे राजनांदगांव में विकास की गति बढ़ी। यह उनकी व्यापक सोच का परिणाम है कि उन्होंने अपनी संपत्ति एवं महल शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया, जहां आज शासकीय दिग्विजय कालेज है। महंत राजा दिग्विजय दास एवं रानी सूर्यमुखी देवी को स्मरण किया। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष से कहा कि आगे भी वे जिले में अच्छे कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाएं तथा विकास में अपना योगदान दें।

श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को कोटिश: धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रभावना के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का प्रतिसाद मिला है। प्रेरणा, व्यक्तित्व निर्माण के साथ ही राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की विरासत को संभालने का अवसर मिला है। शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनका योगदान रहा। श्रीमती पूर्णिमा साहू ने अपने जीवन के संषर्घों का स्मरण किया तथा उपलब्धि मिलने पर अपने माता-पिता को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल योगेशदत्त मिश्रा, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव सचिन बघेल, उपाध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक भरत वर्मा, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, पुरूषोत्तम गांधी, रमेश पटेल, भावेश बैद, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा सहित विभिन्न समाज के पदाधिकारी तथा वरिष्ठजन, अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव के नवनियुक्त उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने किया। कार्यक्रम का संचालन अमर लालवानी द्वारा किया गया।