जांजगीर-चांपा , 05 मई (वेदांत समाचार)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया और युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जगदीश प्रजापति के रूप में हुई है, जो 29 अप्रैल को अपनी पत्नी दिव्या और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने खरखोद गांव आया था। घटना की रात करीब 11:30 बजे वह शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ विवाद करने लगा। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान उसने बच्चे पर पैर रख दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। पत्नी द्वारा समझाने की कोशिश के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ और विवाद बढ़ गया।
इसके बाद जगदीश घर छोड़कर गांव में ही किसी अन्य स्थान पर जाकर सो गया। अगले दिन सुबह जब उसकी तलाश की गई तो वह कहीं नहीं मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना के तीन दिन बाद, 3 मई को गांव के एक घर के पीछे दीवार के पास संदिग्ध हालत में उसका शव मिला। शव में सड़न शुरू हो चुकी थी, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पामगढ़ थाना में अपराध क्रमांक 191/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर देसाई कुम्हार (42 वर्ष) निवासी खरखोद और रामनारायण प्रजापति (44 वर्ष) निवासी ठाकुरदेवा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने जगदीश प्रजापति की गला दबाकर, डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट कर हत्या की थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 5 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरे मामले में पामगढ़ थाना पुलिस की टीम ने तेजी और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
