बिलासपुर, 04 मई 2026 (वेदांत समाचार)। South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर में सोमवार को महाप्रबंधक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनी के कार्यसंचालन, उत्पादन, सुरक्षा और भावी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत कंपनी के सीएमडी हरीश दुहन द्वारा ‘Coal Sampling Surveillance Portal’ के शुभारंभ के साथ हुई।
यह डिजिटल पोर्टल कोयला सैंपलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता, निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से अधिकृत उपयोगकर्ता किसी भी स्थान से सैंपलिंग गतिविधियों का रियल-टाइम अवलोकन कर सकेंगे, जिससे कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनेगी।
बैठक में कंपनी के उत्पादन लक्ष्य, सुरक्षा मानकों, मानव संसाधन प्रबंधन और भविष्य की रणनीतिक योजनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र तथा एन. फ्रैंकलिन जयकुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इसके अलावा क्षेत्रीय महाप्रबंधक और मुख्यालय के विभागाध्यक्ष भी बैठक में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कंपनी के समग्र प्रदर्शन को और अधिक परिणामोन्मुख बनाने के लिए समन्वित प्रयास, तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता बेहद जरूरी हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उत्पादन वृद्धि, सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, मानव संसाधन विकास और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक के अंत में अप्रैल माह में सेवानिवृत्त हुए महाप्रबंधक (सिविल) चन्द्रमोहन वर्मा को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
