रायपुर, 05 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलने के संकेत हैं। बीती रात राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद तापमान में हल्की नरमी महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन आने वाले दो दिनों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें नांगुर में 3 सेमी और जगदलपुर में 1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है।
