KORBA BREAKING : कोरबा में कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: कोयले से भरे टीपर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान – vedantsamachar.in

KORBA BREAKING : कोरबा में कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: कोयले से भरे टीपर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

कोरबा जिले में एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब कोयला परिवहन में लगे एक टीपर में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह घटना खदान के गोदावरी फेस में हुई, जहां सोनू-मोनू कंपनी का वाहन कोयले से भरा हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा टीपर उसकी चपेट में आ गया। हालांकि चालक ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीपर लोडिंग के बाद गोदावरी फेस से बाहर निकल रहा था, तभी अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही वाहन में आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत प्रबंधन को दी, जिसके बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन में आग बुझाने के लिए कोई भी फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं था, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ नजर आई। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टीपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

इस आगजनी की घटना के चलते गोदावरी फेस की ओर जाने वाला रास्ता कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे खदान में कोयला परिवहन बाधित हो गया। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर परिवहन कार्य को फिर से शुरू किया गया।

गौरतलब है कि कुसमुंडा खदान में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठेका कंपनियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि संबंधित कंपनी के वाहनों में फायर सिलेंडर तक उपलब्ध नहीं थे, जो एक गंभीर चूक है।

घटना के बाद श्रमिक संगठनों में आक्रोश है और उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही खदान में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की जरूरत भी जताई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।