रायगढ़ रेल्वे स्टेशन के दूसरी ओर विकास कार्य की योजना के लिए सर्वे हुआ मगर टांय-टांय फिस्स… – vedantsamachar.in

रायगढ़ रेल्वे स्टेशन के दूसरी ओर विकास कार्य की योजना के लिए सर्वे हुआ मगर टांय-टांय फिस्स…

रायगढ़,03 मई (वेदांत समाचार)। रेल्वे स्टेशन के दूसरी ओर विकास कार्य की योजना के लिए सर्वे करने के बाद काम आगे नहीं बढ़ पाया है। जिला प्रशासन, नगर निगम व रेल विभाग की ओर से संयुक्त रूप से सर्वे कर स्टेशन के दूसरी ओर टिकट काउंटर, एप्रोच रोड तथा पार्किंग सुविधा की योजना बनाई थी । प्रशासन द्वारा कहा गया था कि सर्वे के बाद निजी व शासकीय भूमि की जानकारी लेकर विकास कार्य की योजना तैयार की जायेगी, लेकिन विडंबना यह है कि सर्वे के बाद योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।


रेल्वे स्टेशन के दूसरी ओर से भी आवागमन की सुविधा और टिकट काउंटर खोले जाने की लंबे समय से मांग की जा रही है। प्लेटफार्म नंबर 2 की ओर टिकट काउंटर केे खुलने पर जूटमिल क्षेत्र सहित पुसौर, सरिया, बरमकेला व सारंगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लोगों को काफी राहत मिल सकती है तथा शहर में भी यातायात का दबाव कम होगा। वहीं रेल यात्री संघ द्वारा भी रेल प्रशासन का कई बार इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है। वर्तमान में अमृत भारत योजना के तहत रेल्वे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है, लेकिन स्टेशन के दूसरी आरे एप्रोच रोड नहीं होने की वजह से उस ओर के विकास कार्यों को अलग रखा गया है।

वहीं क्षेत्र के लोगों द्वारा दूसरी ओर भी स्टेशन को विकसित करने की मांग को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विगत वर्ष मई माह में नगर निगम एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के साथ दूसरी ओर स्टेशन को विकसित करने व टिकट काउंटर खोलने की कार्य योजना बनाई थी। इसके लिए संयुक्त रूप से सर्वे भी किया गया था, जिसमें निजी, शासकीय व रेल्वे की जमीन का सीमांकन भी किया गया था। वहीं जमीन की उपलब्धता के आधार पर आगे की कार्य योजना बनाई जानी थी। सर्वे के बाद इस दिशा में कार्य आगे नहीं बढ़ पाया जिससे स्टेशन के सामने का हिस्सा में तो अमृत भारत योजना के तहत सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य चल रहा है, परंतु दूसरी ओर का हिस्सा विकास से अछुता रह गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि निजी भूमि भी आ रही है जिसके अधिग्रहण की प्रक्रिया की वजह से योजना रूकी हुई है।