नई दिल्ली,03 मई : पाकिस्तान के स्टार बैटर बाबर आजम ने वर्ल्ड ODI XI चुनी है. लेकिन हैरान करने वाली बात ये है कि उसमें उन्होंने किसी भी भारतीय खिलाड़ी को जगह नहीं दी है. मतलब ना रोहित हैं, ना विराट और ना ही बुमराह. ऐसे में सवाल उठता है कि ये कैसी वर्ल्ड ODI इलेवन हैं जो बाबर आजम ने बनाई है? बाबर आजम ने अपनी वर्ल्ड वनडे XI का ऐलान पेशावर जाल्मी के यू-ट्यूब चैनल पर किया है.
बाबर आजम की ये कैसी World ODI XI?
PSL 2026 के फाइनल से पहले पेशावर जाल्मी के पॉडकास्ट में बाबर आजम गेस्ट बनकर पहुंचे. वो पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी के कप्तान भी हैं. टीम को PSL फाइनल में पहुंचाने के बाद उन्होंने पॉडकास्ट किया, जिसके आखिर में उन्होंने अपनी वर्ल्ड ODI इलेवन पर मुहर लगाई. इस वर्ल्ड इलेवन को चुनने के लिए बाबर आजम के सामने शर्त ये थी कि उन्हें हर देश से बस दो खिलाड़ी चुनने थे.
किन-किन देशों के खिलाड़ी बाबर आजम ने चुने?
बाबर आजम ने वर्ल्ड ODI XI चुनने की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों से की. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड को चुना. साउथ अफ्रीका से कैगिसो रबाडा और एडेन मार्करम को. न्यूजीलैंड से रचिन रवींद्र और मिचेल सैंटनर को जगह दी. इंग्लैंड से हैरी ब्रूक और जोफ्रा आर्चर को जगह दी, पाकिस्तान से शाहिद अफरीदी और मोहम्मद रिजवान को और अफगानिस्तान से एक खिलाड़ी राशिद खान को रखा. वहीं पॉडकास्टर ने 12वें खिलाड़ी के तौर पर खुद बाबर आजम को रख दिया.
ना भारत, ना वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, फिर कैसी वर्ल्ड ODI XI?
अब सवाल है कि ये कैसी वर्ल्ड ODI XI है, जिसमें ना तो भारत से कोई खिलाड़ी है, ना वेस्टइंडीज से और ना ही बांग्लादेश या श्रीलंका का कोई प्लेयर. ये बात समझ आती है कि बाबर को हर देश से 2-2 खिलाड़ी रखने थे ,हर देश के खिलाड़ी का चुना जाना संभव नहीं था. लेकिन बात जब वर्ल्ड वनडे XI की है तो बिना भारतीय क्रिकेट के सितारों के वो अधूरा सा ही लगता है. बाबर से पहले जिस किसी ने भी अपनी वर्ल्ड इलेवन बनाई है, उनकी वनडे टीमों में रोहित, विराट या बुमराह रहे ही हैं.
