भीषण गर्मी में प्यासा बंदर रिहायशी इलाके में पहुंचा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया
कोरबा। जिले में पड़ रही तेज गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखने लगा है। जलस्रोत सूखने और भोजन की कमी के कारण जंगली जानवर शहर की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को खरमोरा क्षेत्र में एक बंदर के रिहायशी इलाके में पहुंचने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, प्यास और भूख से व्याकुल बंदर एक घर में घुस गया, जहां आसपास के कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बंदर को कुत्तों से बचाया। डरा-सहमा बंदर घर के एक कोने में बैठ गया।

सूचना मिलने पर वन्यजीव विशेषज्ञ जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वन विभाग के सहयोग से बंदर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान बंदर को पानी उपलब्ध कराकर उसके शरीर का तापमान सामान्य करने का प्रयास किया गया।
रेस्क्यू के बाद बंदर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में छोड़ दिया गया। इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौजूद रही और पूरे अभियान को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया गया।
वन्यजीव विशेषज्ञ जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में वन्यजीव पानी और भोजन की तलाश में बस्तियों में आ सकते हैं। ऐसे में घबराने के बजाय तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। साथ ही उन्होंने लोगों से पक्षियों और छोटे जीवों के लिए घरों के आसपास पानी की व्यवस्था करने की भी अपील की है।
