बलौदाबाजार-भाटापारा, 2 मई 2026 (वेदांत समाचार)। जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव हुआ है। रा.पु.से. अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने आज पुलिस अधीक्षक, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में पुलिसिंग को लेकर नई रणनीति और सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश शर्मा वर्तमान में सेनानी, 4वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर में पदस्थ हैं। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के अवकाश पर जाने के चलते उन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अपने मूल पद के साथ-साथ इस जिले की कमान भी संभालेंगे।
ओमप्रकाश शर्मा का इस जिले से पुराना जुड़ाव रहा है। वे पहले एसडीओपी बलौदाबाजार के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें जिले की भौगोलिक, सामाजिक और आपराधिक स्थिति की गहरी समझ है। उनके अनुभव को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वे जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके पदभार ग्रहण करने पर स्वागत किया। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
