महासमुंद, 02 मई (वेदांत समाचार)। रेलवे स्टेशन महासमुंद के टिकट काउंटर की लापरवाही का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि स्टेशन पर पदस्थ कर्मचारी राहुल शर्मा अक्सर काउंटर छोड़कर चले जाते हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
वायरल वीडियो में टिकट काउंटर खाली नजर आ रहा है, जबकि यात्रियों की भीड़ बनी हुई है। आरोप है कि काउंटर को ठेका पद्धति के कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया जाता है, जो रेलवे के नियमों और व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय यात्रियों का कहना है कि यह लापरवाही रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर रेलवे के आधिकारिक हैंडल्स को टैग कर शिकायत की गई, जिसके बाद रेलवे की ओर से जवाब सामने आया है। रेलवे सेवा ने अपने जवाब में असुविधा के लिए खेद जताते हुए शिकायत दर्ज कराने के लिए रेल मदद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने या हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करने की सलाह दी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराने की बात भी कही गई है। वहीं डीआरएम संबलपुर ने संबंधित विभाग को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
एक अन्य जवाब में कहा गया है कि “मामले को देखा जा रहा है। रेलवे की ओर से जवाब आने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई त्वरित सुधार नजर नहीं आया है। यात्रियों का कहना है कि केवल ऑनलाइन जवाब देने से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि स्टेशन पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है। रेलवे जैसे महत्वपूर्ण विभाग में जहां समय और अनुशासन सबसे अहम होता है, वहां इस तरह की लापरवाही चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि राहुल शर्मा सहित जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए टिकट काउंटर की व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
