स्मार्ट मीटर को लेकर उठे सवालों पर आंकड़ों ने दिया जवाब, रायपुर में जुलाई में 31.91% घटी बिजली खपत - vedantsamachar.in

स्मार्ट मीटर को लेकर उठे सवालों पर आंकड़ों ने दिया जवाब, रायपुर में जुलाई में 31.91% घटी बिजली खपत

रायपुर, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच चल रही चर्चाओं और भ्रांतियों के बीच बिजली विभाग के आधिकारिक आंकड़ों ने स्थिति साफ कर दी है। रायपुर सिटी रीजन में जून और जुलाई 2026 के बिजली उपभोग के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि जुलाई माह में बिजली की खपत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जून की तुलना में जुलाई में कुल बिजली खपत 31.91 प्रतिशत कम हुई है। आंकड़ों के अनुसार जून 2026 में रायपुर सिटी रीजन में कुल 131.27 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली की खपत दर्ज की गई थी, जो जुलाई में घटकर 89.38 मिलियन यूनिट रह गई। इस तरह एक महीने के भीतर बिजली उपयोग में 41.89 मिलियन यूनिट की कमी दर्ज की गई।

बिजली विभाग के विश्लेषण में यह भी सामने आया है कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ता वर्गों में भी कमी आई है। 600 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 64.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि इस श्रेणी में बिजली खपत 38.13 प्रतिशत कम हुई है। वहीं 401 से 600 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 33.99 प्रतिशत और खपत में 32.58 प्रतिशत की कमी आई है।

आंकड़ों में हाफ बिजली बिल योजना का प्रभाव भी दिखाई दे रहा है। जून माह में 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1 लाख 96 हजार 777 थी, जो जुलाई में बढ़कर 2 लाख 56 हजार 471 हो गई। यानी इस श्रेणी में 30.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या जून में 1 लाख 20 हजार 615 थी, जो जुलाई में घटकर 60 हजार 921 रह गई। इसमें करीब 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इससे संकेत मिलता है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली उपयोग को नियंत्रित कर 400 यूनिट तक सीमित रखने का प्रयास किया।

बिजली खपत के अन्य आंकड़ों में भी कमी और बदलाव देखने को मिला है। 0 से 100 यूनिट बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 53.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि 101 से 200 यूनिट श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या 51.79 प्रतिशत बढ़ी है।

विशेषज्ञों के अनुसार बिजली खपत में आई इस गिरावट के पीछे कई कारण हो सकते हैं। गर्मी के मौसम के समाप्त होने से एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग कम हुआ है। इसके साथ ही ऊर्जा संरक्षण को लेकर बढ़ती जागरूकता और सरकारी योजनाओं का असर भी बिजली उपयोग के पैटर्न में बदलाव के रूप में सामने आया है।

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रायपुर सिटी रीजन के आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि जुलाई माह में बिजली मांग में कमी आई है और उपभोक्ताओं ने अपने बिजली उपयोग को नियंत्रित किया है। आंकड़ों के आधार पर स्मार्ट मीटर को लेकर फैलाई जा रही कई भ्रांतियों की पुष्टि नहीं होती है।

विभाग के अनुसार बिजली खपत में यह बदलाव मौसमी परिस्थितियों, ऊर्जा बचत की प्रवृत्ति और राज्य शासन की हाफ बिजली बिल योजना जैसे जनहितकारी प्रयासों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के 400 यूनिट तक की श्रेणी में आने से उन्हें योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।