जांजगीर-चांपा, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ हुज्जतबाजी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी स्वयं को पत्रकार और नेता बताकर क्षेत्र में धौंस जमाता था तथा पहले भी अवैध शराब बिक्री के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चांपा की टीम को जगदल्ला स्थित छुईया तालाब के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर दबिश देने पहुंची। कार्रवाई के दौरान अनिल खुंटे, उसके भाई अजय खुंटे और अन्य लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हुज्जतबाजी की तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया।
घटना के बाद थाना चांपा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी अनिल खुंटे क्षेत्र में स्वयं को पत्रकार और नेता बताकर लोगों पर धौंस जमाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले भी अवैध शराब बिक्री के मामले में जेल जा चुका है।
इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 221 एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपना अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने अनिल खुंटे (35 वर्ष) और अजय खुंटे (28 वर्ष), निवासी छुईया तालाब के पास, जगदल्ला, चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में प्रउनि गोपी सिंह, रुखसाना बानो, निकिता साहू, सउनि भुवनेश्वर राठौर, बाबूलाल दिवाकर, ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, प्रकाश द्विवेदी सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

