एक ही दिन दो छात्रों ने की आत्महत्या 11वीं की छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा- अब कभी नहीं करूंगी परेशान, रूंगटा कॉलेज के बीसीए छात्र ने भी फांसी लगाकर दी जान – vedantsamachar.in

एक ही दिन दो छात्रों ने की आत्महत्या 11वीं की छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा- अब कभी नहीं करूंगी परेशान, रूंगटा कॉलेज के बीसीए छात्र ने भी फांसी लगाकर दी जान

भिलाई,04 अप्रैल (वेदांत समाचार) : दुर्ग-भिलाई में शनिवार को दो अलग-अलग जगहों पर छात्रों द्वारा आत्महत्या करने की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है, जहां 11वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरी घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है, जहां रूंगटा कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहे 19 साल के छात्र उमेश साहू ने घर में फांसी लगा ली। दोनों मामलों में आत्महत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया है।

पहली घटना अकलोरडीह इलाके की है। यहां 17 साल की वीणा ठाकुर ने अपने घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, वीणा कक्षा 11वीं में पढ़ती थी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जरवाय की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब 3 बजे वह पढ़ाई करने के लिए ऊपर कमरे में गई थी। सुबह करीब 6 बजे घरवालों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो वीणा पंखे के सहारे फंदे पर लटकी मिली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें वीणा ने अपनी मां, पिता, मामा-मामी और परिवार के अन्य लोगों से माफी मांगी है।

उसने लिखा है कि सॉरी मम्मी-पापा, मामा-मामी, अब कभी परेशान नहीं करूंगी। पुलिस सुसाइड नोट और परिवार के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतका के मामा विष्णु सिंह ने बताया कि वीणा उनकी भांजी थी और बचपन से उनके साथ ही रह रही थी। उसकी मां की साल 2011 में मौत हो गई थी, जिसके बाद वह उसे अपने साथ लाकर पढ़ा-लिखा रहे थे। शुक्रवार को वह अपने पिता और रिश्तेदारों से मिलने गई थी और रात में वापस घर लौटी थी। सुबह पढ़ाई के लिए ऊपर गई और कुछ देर बाद उसकी आत्महत्या की खबर मिली। दूसरी घटना कोहका के आर्यनगर वार्ड नंबर-12 की है। यहां ऑटो चालक के बेटे उमेश कुमार साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

उमेश रूंगटा कॉलेज में कंप्यूटर साइंस सेकंड ईयर का छात्र था और बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। घटना देर रात से सुबह के बीच की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, सुबह काफी देर तक उमेश ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो घरवालों को शक हुआ। दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो उमेश पंखे से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उमेश के पिता ऑटो चालक हैं।

उन्होंने बताया कि वह सुबह काम पर निकल गए थे। बाद में परिवार से फोन आया कि उमेश ने फांसी लगा ली है। परिजनों का कहना है कि उमेश पढ़ाई में ठीक था और उस पर किसी तरह का दबाव भी नहीं था। वह सामान्य तरीके से रह रहा था, इसलिए आत्महत्या की वजह समझ में नहीं आ रही है। इधर पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ पाएगी।