फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंटों का गैंग पैसे लेकर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाते, खुद करते थे बातचीत

बिलासपुर, 04 अप्रैल (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले मैट्रिमोनियल एजेंटों के गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग युवकों से पैसे लेकर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाते और उन्हें आ​कर्षित करने के लिए खुद बातचीत करते थे। यह नेटवर्क कॉल सेंटर के जरिए चला रहे थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब बिहार के युवक ने इसकी पुलिस थाने में ऑनलाइन शिकायत की कि शादी के लिए योग्य लड़की का प्रोफाइल देने का झांसा देकर उससे 10 हजार रुपए ले लिए। लेकिन पैसे देने के बाद उसे कोई भी प्रोफाइल नहीं दी गई।

तब उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हुई है। शिकायत के बाद जब पुलिस ने म्यूल अकाउंट की जांच की, तब इस गैंग का पता चला। पुलिस ने मैरिज ब्यूरो ऑफिस के कॉल सेंटर में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस म्यूल अकाउंट (दूसरों के नाम पर खुले बैंक खाते) की जांच कर रही थी। इसी दौरान पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम पर खाता है, उसे कोई और चला रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों में ‘मैरिज ब्यूरो’ के नाम पर पैसे जमा किए जा रहे थे। सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि ACCU की टीम जब म्यूल बैंक खातों की जांच कर रही थी, तब पता चला कि मैरिज ब्यूरो के नाम पर ऐसे गैंग लोगों से ठगी कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच की और सरकंडा व कोतवाली थाना क्षेत्र में चल रहे कॉल सेंटरों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने मैरिज ब्यूरो के इन कॉल सेंटरों पर छापा मारा, जहां संचालक और उनके साथी काम करते हुए मिले। पूछताछ में पूरे गैंग और उनके नेटवर्क का खुलासा हो गया। सीएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि गैंग के लोग शादी के लिए इच्छुक लोगों को झांसा देते थे और उनसे पैसे जमा करवा लेते थे। इसके बाद ग्राहकों को फंसाने के लिए ये फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और उनसे बातचीत करते थे, ताकि लोग भावनात्मक रूप से जुड़ जाएं और उनके मैरिज ब्यूरो पर भरोसा कर लें। ACCU की टीम ने म्यूल खातों की जांच की, तो पता चला कि इन खातों के जरिए लाखों रुपए का लेन-देन किया गया है।

यह भी सामने आया कि जिन लोगों के नाम पर खाते थे, वे खुद उनका इस्तेमाल नहीं करते थे, बल्कि ठगी करने वाला गैंग ही उन्हें चला रहा था। पुलिस ने कार्रवाई में 10 कंप्यूटर, 70 मोबाइल और 20 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चांटीडीह के वकील फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास (40) भी शामिल हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ सैदा के महारथी साहु (31), चांटीडीह के तरुणा उर्फ सोनू खरे (40) और खमतराई अशोक नगर की नीरा बाथम (32) को भी गिरफ्तार किया गया है। सीएसपी सिंह ने बताया कि बिहार के एक युवक ने ऑनलाइन शिकायत की थी।

उसे शादी के लिए अच्छी लड़की का प्रोफाइल देने का झांसा देकर 10 हजार रुपए जमा कराए गए थे। लेकिन पैसे लेने के बाद उसे कोई भी प्रोफाइल नहीं दिया गया। तब उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हुई है। युवक की शिकायत के बाद म्यूल अकाउंट की जांच के लिए यह मामला बिलासपुर पुलिस को भेजा गया था।