बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सूटकेश में गौमांस ले जा रही दो महिलाएं गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस – vedantsamachar.in

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सूटकेश में गौमांस ले जा रही दो महिलाएं गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर, 01 मई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूटकेश में गौमांस ले जा रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं और अपने साथ संदिग्ध रूप से सूटकेश में 10 किलो से अधिक गौमांस लेकर आ रही थीं।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को पहले से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो महिलाएं रेलवे स्टेशन के माध्यम से गौमांस लेकर आ रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में दिखीं दो महिलाओं को रोककर उनके सामान की जांच की गई। जब सूटकेश की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में गौमांस बरामद हुआ।

तलाशी के दौरान बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को तत्काल हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सूटकेश में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है। दोनों महिलाओं के खिलाफ तोरवा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक भी थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखी।

पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं शहर के मगरपारा इलाके की निवासी हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गौमांस कहां से लाया गया था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई संगठित गिरोह या सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है।

तोरवा थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।