रायपुर में लिफ्ट सुरक्षा पर फिर उठे सवाल: IAS अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंसी, कमर्शियल बिल्डिंग्स की व्यवस्था पर चिंता बढ़ी – vedantsamachar.in

रायपुर में लिफ्ट सुरक्षा पर फिर उठे सवाल: IAS अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंसी, कमर्शियल बिल्डिंग्स की व्यवस्था पर चिंता बढ़ी

रायपुर, 01 मई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में बहुमंजिला और कमर्शियल बिल्डिंग्स की लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। करेंसी टॉवर की घटना के बाद अब फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक आईएएस अधिकारी की पत्नी के लिफ्ट में फंसने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी पिथालिया कॉम्प्लेक्स स्थित जिम जाने के लिए लिफ्ट का उपयोग कर रही थीं। इसी दौरान अचानक लिफ्ट तकनीकी खराबी के चलते बीच में रुक गई और वे अंदर ही फंस गईं। कुछ समय तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण वे घबरा गईं, जिसके बाद परिजनों और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा गया। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही जोन क्रमांक-2 की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन यदि ऐसी घटना हुई है तो विभागीय स्तर पर जांच कर संबंधित कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट के संचालन और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 20 अप्रैल को रायपुर के करेंसी टॉवर में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गई थीं। उस दौरान लिफ्ट में न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था। इसके अलावा इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं का भी अभाव था, जिसके कारण उन्हें करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहना पड़ा था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की कमर्शियल बिल्डिंग्स में लिफ्ट सुरक्षा मानकों की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लिफ्ट में नियमित मेंटेनेंस, इमरजेंसी अलार्म, वेंटिलेशन और बैकअप सिस्टम की अनिवार्य व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल इस ताजा घटना के बाद प्रशासन द्वारा जांच और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात कही जा रही है, लेकिन बार-बार सामने आ रही घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि लिफ्ट सुरक्षा को लेकर सख्त निगरानी और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।