KORBA : राखड़ की चपेट में कोरबा, धुएं जैसे हालात से जनजीवन प्रभावित…

कोरबा, 04 अप्रैल (वेदांत समाचार)। शहर में इन दिनों राखड़ का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में जैसे ही हवा थोड़ी तेज चलती है, पूरा वातावरण धुएं जैसा दिखाई देने लगता है। इससे लोगों को दैनिक कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि दिन के समय भी सड़कों पर वाहन चलाते समय लोगों को लाइट जलानी पड़ रही है। राखड़ के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे आवागमन में जोखिम बढ़ गया है और लोग असहज महसूस कर रहे हैं।

इसका असर घरों के भीतर भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। छत पर सूखने के लिए रखे कपड़े राखड़ से खराब हो जा रहे हैं, जिससे गृहिणियों की चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा राखड़ घर के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे सफाई का काम भी बढ़ गया है। महिलाओं को बार-बार झाड़ू-पोछा करना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि राखड़ के संपर्क में आने से त्वचा संबंधी बीमारियां होने की संभावना रहती है। ऐसे में लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर भी चिंतित नजर आ रहे हैं।

शहर में बने इन हालातों से लोग लगातार परेशान हैं और दैनिक जीवन में असुविधा का सामना कर रहे हैं।