नूंह,29 अप्रैल 2026 ।
जिले के बझेड़ा गांव में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के साथ भारी पत्थर बंधा मिला, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला के पति रफीक ने स्थानीय पुलिस चौकी में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बीते 24 अप्रैल को लापता महिला के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी। लापता होने के 10 दिन बाद महिला का शव गांव के एक पुराने कुएं से पुलिस ने बरामद किया है। महिला के शव को मेडिकल के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। महिला के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार सिंगार गांव की रहने वाली महिला ने करीब 5 साल पहले देवला गांव के रफीक से कोर्ट मैरिज की थी।बताया गया है कि दोनों में अक्सर पिछले कुछ समय से झगड़ा रहता था। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि पति रफीक हसीना को आए दिन मारपीट करता था। बीते 18 अप्रैल को हसीना घर से लापता हो गई थी। हसीना के पति रफीक ने मामले की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।पुलिस ने बीते 24 अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर लापता महिला की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस ने गांव के जंगल में बने हुए एक पुराने कुएं से लापता महिला हसीना के शव को बरामद किया है।
बताया गया है कि शव को पत्थरों के साथ बांधा हुआ था,जिससे इस मामले में हत्या की आशंका नजर आ रही है। पुलिस ने कुएं से जब शव निकाल तो उसमें दो मोटरसाइकिल के फ्रेम भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पति पर शक गहराता नजर आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मामला हत्या का हो सकता है, क्योंकि शव को छिपाने के लिए उसे पत्थर से बांधकर कुएं में डाला गया था। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही जा रही है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि महिला का पत्थरों से बंधा होने के कारण हत्या की आशंका लग रही है। पुलिस सभी पहलुओं के मध्य नजर जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद मौत के असली कारण का पता लगेगा। पुलिस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।
