भिलाई 28 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार) । भिलाई टाउनशिप की बदहाल व्यवस्था और बढ़ती समस्याओं को लेकर भिलाई इस्पात मज़दूर संघ यूनियन ने प्रबंधन के साथ अहम बैठक की। यह बैठक यूनियन के महामंत्री चन्ना केशवलू के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें टाउनशिप के महाप्रबंधक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में यूनियन ने नगर सेवाएं विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, अवैध कब्जों और अनियमितताओं पर कड़ी नाराज़गी जताई। पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों और रहवासियों में असंतोष बढ़ रहा है।
इन मुद्दों पर हुई तीखी चर्चा
यूनियन ने आवास आवंटन में देरी, जर्जर बिजली व्यवस्था, अवैध खटालों की समस्या, सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, ट्रैफिक अव्यवस्था और छतों के रखरखाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा पेयजल संकट, नालियों की सफाई, गटर लाइन की खराब स्थिति और स्ट्रीट लाइट की कमी को भी गंभीर समस्या बताया गया।
यूनियन ने यह भी मांग की कि टाउनशिप में अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई हो, बाजार क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जाए और मानसून से पहले सभी जरूरी मरम्मत कार्य पूरे किए जाएं।
पेयजल और सफाई पर खास जोर
भीषण गर्मी को देखते हुए दिन में दो बार पानी सप्लाई सुनिश्चित करने, बैकलेन और नालियों की नियमित सफाई तथा गटर ढक्कन लगाने की मांग की गई। साथ ही पाइपलाइन सुधार और गंदे पानी की समस्या दूर करने पर भी जोर दिया गया।
आंदोलन की चेतावनी
यूनियन ने साफ चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कर्मचारियों और नागरिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
बैठक में यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर टाउनशिप की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
