सरगुजा 28 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार) । सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों पर भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज गरज-चमक और हल्की बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने ग्राम पंचायत गोविंदपुर में 16 मवेशियों की जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रभावित किसान गहरे सदमे में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के बीच एक पेड़ के नीचे खड़े मवेशियों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 14 बकरा-बकरी और 2 बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना में गोविंदपुर निवासी मनीराम के बैल, आनंद कुजूर के 9 बकरा-बकरी और मदन के 5 बकरा-बकरी शामिल हैं। मवेशियों की मौत से किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। खासतौर पर बैलों की मौत से खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ा है, जिससे परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। गनीमत रही कि इस दौरान आसपास मौजूद लोग सुरक्षित बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की जा रही है।

