जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। अकलतरा थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगकर अपने ही पिता और भाई के साथ मारपीट करने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बाना निवासी प्रार्थी राजेश कुमार ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनेश कुमार बघेल (22 वर्ष), पिता रामखिलावन बघेल, वार्ड क्रमांक 08, ग्राम बाना, शराब पीने के लिए उससे और उसके पिता से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट की तथा घर के सामानों को नुकसान पहुंचाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 119(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं प्रधान आरक्षक शरीफ खान का विशेष योगदान रहा।
