सही दवा-शुद्ध आहार अभियान: कोरबा में 15 दिवसीय सघन जांच शुरू, खाद्य पदार्थ और दवाओं की गुणवत्ता पर सख्ती – vedantsamachar.in

सही दवा-शुद्ध आहार अभियान: कोरबा में 15 दिवसीय सघन जांच शुरू, खाद्य पदार्थ और दवाओं की गुणवत्ता पर सख्ती

कोरबा, 28 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के जरिए प्रशासन खाद्य सुरक्षा और औषधि मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने में जुट गया है।

अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में खाद्य व्यवसायों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। फल एवं सब्जी विक्रेताओं, चाय-नाश्ता ठेलों, गुपचुप और चाट दुकानों, गन्ना रस एवं जूस सेंटर्स, सॉफ्ट ड्रिंक विक्रेताओं के साथ-साथ डेयरी उत्पाद बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभियान के पहले दिन गुपचुप, चाट, जूस और गन्ना रस विक्रेताओं की सघन जांच की गई। इस दौरान विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, प्रतिबंधित खाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने और केवल खाद्य-ग्रेड बर्फ का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

औषधि प्रकोष्ठ के तहत सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। अभियान के प्रथम चरण में कोरबा ब्लॉक के कॉस्मेटिक और प्रसाधन सामग्री के थोक एवं खुदरा विक्रेताओं की जांच की गई। इस दौरान दुकानदारों को उत्पादों के सुरक्षित भंडारण, एक्सपायरी तिथि की जांच के बाद ही बिक्री करने और सभी उत्पादों की वैध बिलिंग एवं रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए।

यह सघन अभियान कुल छह चरणों में संचालित किया जाएगा, जिसमें प्रसाधन सामग्री दुकानों के अलावा थोक और खुदरा दवा विक्रेताओं, वैक्सीन स्टोरेज रखने वाले सरकारी और निजी अस्पतालों का निरीक्षण भी शामिल है। साथ ही कोटपा अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई, नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए मेडिकल स्टोर्स की जांच और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि यह अभियान जनस्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अभियान के दौरान दीपक ट्रेडर्स रानी रोड, वृंदावन एजेंसी, कन्हैया एजेंसी दर्री रोड, खूबसूरत कॉस्मेटिक शॉप, श्रुति श्रृंगार, जी महासेल निहारिका, इंडिया सेल निहारिका रोड, संजरी बैंगल्स मेन रोड और मोहन्नम एजेंसी टीपी नगर सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। आगामी दिनों में पूरे जिले में इसी तरह व्यापक स्तर पर जांच और जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग और गुणवत्ता की जांच कर ही खाद्य पदार्थ और दवाएं खरीदें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।