नई दिल्ली, 28 अप्रैल : IPL 2026 Points Table: आईपीएल 2026 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को बुरी तरह हराते हुए नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली की टीम महज 75 रनों पर सिमट गई, जिसे आरसीबी ने सिर्फ 6.3 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया. इस धमाकेदार जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अब टॉप-2 में पहुंच गई है और पंजाब किंग्स के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं.
पॉइंट्स टेबल में RCB को जबरदस्त फायदा
दिल्ली कैपिटल्स को हराने के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने आठ मैचों में छठी जीत हासिल की. अब उसके 12 पॉइंट्स हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, नेट रन रेट की बात की जाए तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का NRR +1.919 हो गया है, इस सीजन में बाकी टीमों के मुकाबले सबसे ज्यादा है. दूसरी ओर, दिल्ली की टीम को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ दिल्ली के आठ मैचों में पांचवां मुकाबला गंवा दिया और उनके पॉइंट्स 6 ही हैं. इसके साथ-साथ उनका नेट रन रेट -1.060 तक गिर गया है.
वहीं, पंजाब किंग्स पहले स्थान पर बनी हुई है. उसने 7 मैच खेले हैं और 6 अपने नाम किए हैं. वहीं, 1 मैच बारिश में धुला है. यानी पंजाब किंग्स ने अभी तक कोई मुकाबला नहीं हारा है और वह 13 पॉइंट्स के साथ सबसे आगे है. लेकिन आरसीबी अब उसके काफी करीब पहुंच गई है. ऐसे में पंजाब के लिए उनका अगला मुकाबला काफी अहम होगा. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद 8 मैचों में 10 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है. राजस्थान रॉयल्स के भी 8 मैचों में 10 पॉइंट्स हैं और वह चौथे नंबर पर चल रही है.
ऐसा रहा मुकाबला का हाल
इस मैच में दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 75 रनों पर ऑलआउट हो गई. भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड की गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. जॉश हेजलवुड ने 12 रन देकर 4 विकेट झटक लिए. वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने 3 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट झटके. सुयश शर्मा ने 7 रन देकर 1 विकेट लिया. क्रुणाल और रसिख सलाम को भी 1-1 विकेट मिला. जबाव में विराट कोहली ने नाबाद 23 रन और देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद 34 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई. आरसीबी ने 6.3 ओवर में ही 1 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया.
