ACCIDENT NEWS : डॉक्टर ने कार से ऑटो को मारी ठोकर महिला की मौत… – vedantsamachar.in

ACCIDENT NEWS : डॉक्टर ने कार से ऑटो को मारी ठोकर महिला की मौत…

बिलासपुर, 28 अप्रैल(वेदांत समाचार)। तोरवा क्षेत्र में बलिदानी वीर नारायण सिंह ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने आटो को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और आटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चला रहे चिकित्सक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ऑटो से जा भिड़ा। पुलिस ने आरोपित चिकित्सक को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम धनगवां निवासी रणजीत डहरिया अपनी पत्नी बिरस बाई के साथ गुजरात से रोजी-रोटी कमाकर वापस लौट रहे थे।

सोमवार सुबह बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उन्होंने गांव जाने के लिए ऑटो किराए पर लिया। ऑटो लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा था कि सामने से आ रही कार क्रमांक सीजी 04 बीए 3294 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। कार को सिम्स में पदस्थ टिकेंद्र प्रसाद पटेल पिता दुर्योधन पटेल (29) निवासी ग्राम जम्हनीडीह थाना बसना जिला महासमुंद चला रहे थे। उन्हें अचानक झपकी आ गई और वाहन गलत दिशा में जाकर ऑटो से टकरा गया।

राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टरों ने बिरस बाई डहरिया को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल रणजीत डहरिया की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए। तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित चिकित्सक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।