बिलासपुर,25 अप्रैल। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, कोतरी की छात्रा रचना मिश्रा ने जेईई मेन 2026 के सेकंड सेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। रचना ने 86.97 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए, वहीं केमिस्ट्री विषय में 90.74 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया।
रचना मिश्रा पूर्व में भी शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट रही हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं में 88.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे तथा संस्कृत विषय में शत-प्रतिशत (100) अंक हासिल किए थे।
केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी रचना ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छत्तीसगढ़ संस्कृत सेवा संस्थान द्वारा आयोजित पंचदश दिवसात्मक संस्कृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय लघुकथा वाचन प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रचना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य दीपक वर्मा ने रचना, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता अनुशासन, सतत परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी रचना को शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए प्रेरित किया है।
