पार्किंग विवाद में युवक के मुंह में मारी गोली, गंभीर,गोपालगंज में तिलक समारोह में आया था, 4 लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस

गोपालगंज,02 मार्च 2025/ मीरगंज थाना क्षेत्र के पुरानी भट्ठी वार्ड-21 में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक के मुंह में गोली मार दी गई। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से घायल दिग्विजय को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

वहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 निवासी दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दिग्विजय एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। वह अपनी कार आरोपी के घर के पास पार्क कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि स्थानीय आकाश साह ने दिग्विजय के मुंह पर गोली चला दी।

चार लोगों से पूछताछ जारी

मीरगंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गोली दिग्विजय के चेहरे को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जारी है।