दीपका में 'नारी राग-रंग महोत्सव 2026-27' का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक - vedantsamachar.in

दीपका में ‘नारी राग-रंग महोत्सव 2026-27’ का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

कोरबा, 01 जुलाई (वेदांत समाचार)। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में दीक्षा महिला समिति एवं एसईसीएल दीपका क्षेत्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘नारी राग-रंग महोत्सव 2026-27’ का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय माहौल में ऑफिसर्स क्लब, दीपका में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, प्रतिभागियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार, दीक्षा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती बबीता कुमारी, महाप्रबंधक (संचालन), महाप्रबंधक (खनन), विभिन्न विभागों के महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों तथा दीक्षा महिला समिति की सदस्याओं की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम्, कोल इंडिया एंथम और राष्ट्रगान का गायन कर कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

समारोह में मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने महिलाओं के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

महोत्सव के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें भजन, ग़ज़ल एवं कव्वाली, लोक एवं क्षेत्रीय गीत, बॉलीवुड हिंदी गीत, शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य तथा बॉलीवुड और थीमेटिक फ्यूज़न नृत्य जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और अपनी कला, आत्मविश्वास तथा रचनात्मक क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान ऑफिसर्स क्लब का माहौल रंग-बिरंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हो उठा। दर्शकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। महिलाओं ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

आयोजकों के अनुसार, ‘नारी राग-रंग महोत्सव 2026-27’ का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है। दो दिवसीय इस महोत्सव में विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताओं के साथ महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।

महोत्सव का पहला दिन उत्साह, सांस्कृतिक विविधता और महिला सशक्तिकरण की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम ने न केवल महिलाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर दिया, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी नई मजबूती प्रदान की। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में भी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों में प्रतिभागियों का उत्साह इसी तरह बना रहेगा।