जांजगीर चांपा, 23 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 23 अप्रैल 2026 को थाना बिर्रा पुलिस ने ग्राम तालदेवरी में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जयकुमार साहू ने किया।
इस दौरान ग्रामीणों को नशा मुक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध शराब और नशे का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे सामाजिक और आर्थिक समस्याएं भी बढ़ती हैं। कार्यक्रम में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही साइबर अपराधों को लेकर भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और अंजान लिंक से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ भी ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
कार्यक्रम के माध्यम से सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी बताया गया, ताकि लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी से इस्तेमाल कर सकें और किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार होने से बच सकें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, नशा कारोबार और अन्य सामाजिक अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर ग्राम मितानिन समूह, ग्राम सरपंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव कलेश्वर खूंटे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
