जंगल में फंदे से लटकी मिली महिला की लाश, पति से विवाद के बाद दो दिनों से थी लापता, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका

धनबाद,13 फ़रवरी 2025/ बेलगड़िया जंगल में गुरुवार को एक महिला की फंदे से लटकी लाश मिली। गमछे से फांसी का फंदा बनाकर महिला के शव को लटकाया गया था। घटना बलियापुर थाना क्षेत्र की है। दो दिन पूर्व महिला का अपने पति से विवाद हुआ था और इसके बाद से वो लापता थी।

मृतका की पहचान बेलगड़िया मोहली टोला निवासी जयराम मोहली की पत्नी डॉली देवी के रूप में की गई। डॉली अपने पीछे दो बेटी और एक बेटा छोड़ गई है। डॉली का मायका बोकारो के चास प्रखंड में है।

मायके वालों को फोन पर मिली सूचना

मृतका के भाई दिलीप मोहली ने बताया कि दो दिनों पूर्व बहन के पति ने फोन कर बताया कि डॉली घर से लापता है। हमलोग यहां आए और पूरी जानकारी ली। पता चला बहन का पति के साथ खूब विवाद हुआ था और इसके बाद से वो गायब थी।

दो दिन पहले इस जंगल में नहीं थी लाश

भाई ने बताया कि हमलोग ढूढंने के दौरान इस जंगल में भी आए थे, पर उस वक्त यहां कुछ नहीं मिला। आज पता चला कि डॉली की लाश मिली है।

मायके वालों ने हत्या का आरोप उसके पति जयराम मोहली पर लगाया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। मृतका के ससुराल में पति के अलावे उसका भाई, सास-ससुर और ननद भी है।

आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या: भाई

मृतका के भाई दिलीप मोहली ने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल में उनकी बहन के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।

इधर, बलियापुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।