Accident news : अनियंत्रित होकर बस खाई में गिरी , 9 की मौत, कई घायल…

जम्मू-कश्मीर,20 अप्रैल: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां रामनगर-उधमपुर हाईवे पर खगोते के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस रामनगर क्षेत्र से गुजर रही थी और तेज रफ्तार में होने के कारण मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते बस सड़क से नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर जम्मू के जीएमसी अस्पताल भेजा गया है। उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।

जिला प्रशासन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। रामनगर के एसडीएम के अनुसार, राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है तथा सभी घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।