विटामिन डी एक जरूरी पोषक तत्व है, जो शरीर में कैल्शियम के एब्जॉर्पशन में मदद करता है और हड्डियों को मजबूत बनाता है. बच्चों के लिए यह खासतौर पर जरूरी होता है, क्योंकि इसी उम्र में उनकी हड्डियां और दांत तेजी से विकसित होते हैं. अगर बच्चों के शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाए, तो उनकी ग्रोथ प्रभावित हो सकती है. इसके लक्षणों में हड्डियों में दर्द, कमजोरी, बार-बार थकान, मांसपेशियों में कमजोरी और देर से चलना या खड़ा होना शामिल हो सकते हैं.
कुछ बच्चों में चिड़चिड़ापन और बार-बार बीमार पड़ना भी इसके संकेत हो सकते हैं. आजकल बच्चों का ज्यादा समय घर के अंदर बिताना और धूप में कम निकलना भी इसकी कमी का एक बड़ा कारण बन रहा है. ऐसे में माता-पिता के लिए जरूरी है कि वे बच्चों की सेहत पर ध्यान दें और समय रहते इस कमी को पहचानें. आइए जानते हैं कि बच्चों में विटामिन डी की कमी के क्या कारण हैं और इसकी कमी से किन बीमारियों का खतरा रहता है.
बच्चों में विटामिन डी की कमी के क्या कारण हैं?
हेल्थलाइन के मुताबिक, बच्चों में विटामिन डी की कमी के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सबसे बड़ा कारण धूप में कम समय बिताना है, क्योंकि विटामिन डी का मुख्य सोर्स सूर्य की किरणें हैं. इसके अलावा, बच्चों की डाइट में पोषक तत्वों की कमी, खासकर विटामिन डी से भरपूर चीजों का कम सेवन भी एक वजह हो सकती है.
कुछ मामलों में शरीर विटामिन डी को सही तरीके से एब्जॉर्पशन नहीं कर पाता, जिससे इसकी कमी हो जाती है. ज्यादा समय तक घर के अंदर रहना, स्क्रीन टाइम बढ़ना और फिजिकल एक्टिविटी की कमी भी इस समस्या को बढ़ा सकती है. छोटे बच्चों में मां के दूध में विटामिन डी की कमी होने पर भी यह समस्या देखी जा सकती है.
बच्चों में विटामिन डी की कमी से किन बीमारियों का खतरा रहता है?
विटामिन डी की कमी बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है. इससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और उनका सही विकास नहीं हो पाता. लंबे समय तक कमी रहने पर हड्डियों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं और शरीर की ताकत भी कम हो जाती है.
इसके अलावा, इम्यूनिटी कमजोर होने से बच्चे बार-बार बीमार पड़ सकते हैं. मांसपेशियों की कमजोरी और थकान भी उनकी रोजमर्रा की एक्टिविटी को प्रभावित कर सकती है. ऐसे में समय रहते इस कमी को पहचानना और सही कदम उठाना बेहद जरूरी है.
कैसे करें कमी पूरी?
विटामिन डी की कमी पूरी करने के लिए बच्चों को रोजाना कुछ समय धूप में जरूर खेलना चाहिए. इसके साथ ही उनकी डाइट में दूध, अंडा, मछली और फोर्टिफाइड फूड्स शामिल करें. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट भी दिए जा सकते हैं. संतुलित डाइट और एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाकर इस कमी से बचाव किया जा सकता है.
