रायगढ़, 19 अप्रैल (वेदांत समाचार) : रायगढ़ में सड़क हादसे में फिर एक मौत हो गई। ट्रैलर वाहन के चालक ने स्कूटी सवार दादा-पोती को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे वाहन के पहिए के नीचे आने से बच्ची की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसका दादा घायल हो गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक उर्दना कृष्णापुर के पास रहने वाला पितरूस तिर्की 50 साल रविवार को अपनी पोती ममता तिर्की 14 साल के साथ स्कूटी पर सवार होकर भगवानपुर सोसायटी चावल लेने गया था।
दोपहर में दोनों चावल लेकर वापस लौट रहे थे कि तभी रास्ते में सीएमएचओ तिराहा के आगे पीछे से आ रही ट्रैलर वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जबरदस्त ठोकर मार दी। इससे ममता स्कूटी से गिरकर ट्रैलर के पहियों के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं उसका दादा पितरूस गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की काफी भीड़ मौके पर इक्ट्ठा हो गई और चक्काजाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। इससे दोनों आरे से आने-जाने वाली वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना को अंजाम देकर ट्रैलर वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
