IPL 2026: अजिंक्य रहाणे का गुस्सा कितना सही, कितना गलत? आंकड़ों से समझिए पूरी कहानी

नई दिल्ली, 03 अप्रैल : कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 में अपना तीसरा आईपीएल खिताब जीता था. तब श्रेयस अय्यर टीम के कप्तान थे लेकिन फिर खिताब जीतते ही कप्तान और टीम के रास्ते अलग हो गए. ऐसे में KKR ने आईपीएल 2025 में नया कप्तान नियुक्त किया और ये जिम्मेदारी मिली दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को, जो पहले राजस्थान रॉयल्स की कमान भी संभाल चुके थे. रहाणे की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन पिछले साल खराब रहा और अब आईपीएल 2026 में भी टीम शुरुआती दोनों मैच हार गई है. मगर इन नतीजों के बीच खुद कप्तान रहाणे बल्ले से अपने प्रदर्शन के कारण निशाने पर हैं और अब इस पर उनका गुस्सा भी फूट पड़ा है.

हार के बाद रहाणे को आया गुस्सा?
आईपीएल 2026 के पहले मैच में कोलकाता को 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा. फिर अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने उसे 65 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद कप्तान रहाणे खासे भड़के हुए नजर आए और इसकी वजह उनकी बैटिंग पर उठ रहे सवाल थे. रहाणे ने पहले मैच 40 गेंदों में 67 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में 10 गेंदों में सिर्फ 8 रन. ऐसे में उनके तरीके पर, खास तौर पर रनों की रफ्तार बढ़ाने पर सवाल उठ रहे हैं.

SRH के खिलाफ हार के बाद जब रहाणे प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए तो उनसे इस बारे में सवाल हुआ और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की. रहाणे ने ये तक कह दिया कि उनकी बैटिंग की आलोचना करने वालों का कोई खास एजेंडा है और वो सभी उनसे जलते हैं. रहाणे ने अपने प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि 2023 के बाद से मैं सबसे अच्छे स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाजों में से हूं. जो लोग मेरे बारे में बात कर रहे हैं, वो शायद मैच नहीं देख रहे हैं या शायद उनका मेरे खिलाफ कोई मकसद है. वो मुझे खेलते हुए देखना पसंद नहीं करते.”

आईपीएल में क्या कहते हैं रहाणे के आंकड़े?
अब सवाल ये है कि क्या रहाणे की बैटिंग की आलोचना सही है? या फिर रहाणे जो दावे कर रहे हैं, वो सही हैं? इसे जानने के लिए आंकड़ों को देखना पड़ेगा. रहाणे ने IPL 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स में कदम रखे थे और उस सीजन में 11 पारियों में 172 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाकर टीम को चैंपियन बनाया था. हालांकि 2024 में वो 123 के स्ट्राइक रेट से 242 रन ही बना सके थे. वहीं पिछले सीजन में KKR के लिए खेलते हुए उन्होंने 12 पारियों में करीब 148 की स्ट्राइक रेट से टीम के लिए सबसे ज्यादा 390 रन बनाए थे.

ऐसे में रहाणे की बात में थोड़ा दम तो नजर आता है. उनके प्रदर्शन को एक और आंकड़े से समझते हैं. क्रिकबज की एक रिपोर्ट में पावरप्ले में बैटिंग के नंबर जारी किए गए हैं. आईपीएल 2023 से अब तक जितने बल्लेबाजों ने पावरप्ले में कम से कम 300 गेंदों का सामना किया है, उनमें रहाणे स्ट्राइक रेट के मामले में चौथे नंबर पर हैं. रहाणे ने 31 पारियों में 329 गेंदों पर 552 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 167.78 है. उनसे ऊपर सिर्फ ट्रेविस हेड (187.98), अभिषेक शर्मा (176.56) और फिल सॉल्ट (173.8) हैं. यानि वो यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल जैसे सितारों से भी आगे हैं.

KKR के कप्तान के सामने ये परेशानी
इस हिसाब से देखा जाए तो रहाणे का अपना बचाव करना गलत नहीं है. मगर उनकी मौजूदा आलोचना की एक बड़ी वजह पावरप्ले के बाद, खास तौर पर स्पिनर्स के खिलाफ धीमी बैटिंग है. इस सीजन के पहले मैच में ये दिखा भी था. उन्होंने मुंबई के खिलाफ पावरप्ले में सिर्फ 18 गेंदों में 36 रन बना दिए थे. फिर अगली 9 गेंदों में 14 रन और बटोरते हुए उन्होंने 27 गेंदों में अर्धशतक जमाया था. मगर इसके बाद आउट होने तक अगली 13 गेंदों में वो 16 रन ही बना सके थे. कुल मिलाकर पावरप्ले के बाद उन्होंने 25 गेंदों का सामना किया और 31 रन ही बनाए, जिसमें सिर्फ 2 छक्के शामिल थे. ऐसे में उनकी बैटिंग का ये पहलू फिलहाल सवालों के घेरे में है और ये तब तक रहेगा, जब तक वो इसे गलत साबित नहीं करते.