कोरबा,17 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के ग्राम बेलटिकरी के वार्ड क्रमांक 05 स्थित गली नंबर 11 में नाली निर्माण नहीं होने और सड़क की जर्जर स्थिति से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने ग्राम सरपंच को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नाली निर्माण एवं सड़क सुधार की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि दीपका क्षेत्र के साईं हॉस्टल से आगे तक की सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। सड़क निर्माण के दौरान नाली का निर्माण नहीं किए जाने से जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 25 वर्ष पूर्व सड़क का निर्माण हुआ था, लेकिन इसके बाद से अब तक न तो सड़क की मरम्मत की गई और न ही नाली बनाई गई। इसके चलते घरों का गंदा पानी एवं बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है, जिससे गंदगी और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है।
नाली के अभाव में जल निकासी को लेकर ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वार्ड क्रमांक 05 की गली नंबर 11 में दोनों ओर नाली का निर्माण कराया जाए तथा सड़क की मरम्मत भी कराई जाए, ताकि जलभराव और गंदगी से राहत मिल सके। इस संबंध में सरपंच से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।
