कोरबा/दीपका, 15 अप्रैल 2026। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) द्वारा बुधवार दोपहर 3 बजे घोषित किए गए 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इंडस पब्लिक स्कूल दीपका के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे कोयलांचल क्षेत्र में सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी उत्कृष्ट रहा, जिसमें अधिकांश छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल कर स्कूल का मान बढ़ाया।
इस वर्ष विद्यालय के छात्र शौर्य शर्मा ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्कूल टॉपर बने। वहीं विनीता कंवर ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान, खुशबू साहू ने 95.4 प्रतिशत के साथ तीसरा, इशिका अग्रवाल ने 95.2 प्रतिशत के साथ चौथा और अनोखी अग्रवाल ने 95 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा पायल सहारन ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
टॉपर शौर्य शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को देते हुए कहा कि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण अत्यंत सहयोगात्मक है। उन्होंने बताया कि यहां शिक्षकों द्वारा हर छात्र की समस्या को गंभीरता से समझकर समाधान किया जाता है, जिससे कमजोर छात्र भी बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।
विद्यालय के शैक्षणिक प्रभारी सब्यसाची सरकार ने बताया कि इस उत्कृष्ट परिणाम के पीछे शिक्षकों की लगातार मेहनत, नियमित टेस्ट और विद्यार्थियों के साथ सतत संपर्क प्रमुख कारण रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों की तैयारी को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक अध्ययन सामग्री और संसाधन उपलब्ध कराए गए, जिससे यह सफलता संभव हो सकी।
स्कूल के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने परीक्षा परिणाम पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों का यह प्रदर्शन न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि विद्यालय हमेशा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और शिक्षकों को समय-समय पर प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है, ताकि वे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन दे सकें।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी गई और उनकी हर समस्या का समाधान किया गया। यही कारण है कि इस वर्ष भी विद्यालय ने उत्कृष्ट परिणाम की अपनी परंपरा को कायम रखा है।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और शिक्षकों के समर्पण एवं कठिन परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया।
