मंदिर के पास गांजा बेच रहा था आरोपी 1.25 लाख रुपए के गांजे के साथ पुलिस ने पकड़ा, 2.5 किलो गांजा…

दुर्ग , 15 अप्रैल (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बटरेल के राजा तालाब शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में गांजा और नगदी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक 14 अप्रैल को पुलिस को जानकारी मिली थी कि ताराचंद देवांगन नाम का व्यक्ति मंदिर के पास गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर पहुंची। यहां पर आरोपीगांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था।

पुलिस ने उक्त व्यक्ति को पकड़ा। जिसने पूछताछ में अपना नाम ताराचंद देवांगन, उम्र 50 साल, निवासी तरिया पारा, ग्राम बटरेल बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास एक लाल रंग की प्लास्टिक बोरी मिली। जब बोरी की जांच की गई तो उसमें सूखा हरा गांजा मिला। मौके पर ही गांजे का वजन कराया गया, जो 2.500 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 1300 रुपए नकद और एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी से गांजा रखने के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका।

इसके बाद पुलिस ने गांजा, नकदी और मोबाइल को जब्त कर मौके पर ही सील कर लिया और कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा किसी देवानंद सोनवानी नाम के व्यक्ति से खरीदकर लाया था और यहां बेच रहा था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है। इसके बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।