किसानों के खाते में बकाया बोनस की राशि 3 लाख से 5 लाख रुपए तक मिली, किसानों के बैंक खाते में DBT के माध्यम से यह राशि हस्तांतरित की गई

कई किसानों के खाते में धान की बकाया बोनस राशि 3 लाख से 5 लाख रुपए तक मिली है। जब किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से यह राशि हस्तांतरित की गई तो किसान समेत उसके परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी छा गई। इससे उत्साहित किसानों ने केद्र व राज्य सरकार का आभार भी जताया है। जिले के बिंझकोट के बुजुर्ग किसान लंबोदर पटेल ने कहा कि उन्हें धान के बकाया बोनस के रूप में 5 लाख 81 हजार 400 रुपए मिले हैं।

बकाया बोनस राशि मिलने से उनके परिवार में खुशहाली आ गई है। ये कभी सोचा भी नहीं था कि दो साल की बकाया धान की बोनस की राशि एकमुश्त मिल जाएगी। लेकिन मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के किसान हितैषी निर्णय से यह संभव हो सका। मेडिकल व इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल करने तैयारी में जुटे पोते को इस राशि से मदद कर पाएंगे।

साथ ही इसका उपयोग उन्नत खेती में भी करेंगे। छुरी के किसान वरूण सिंह ने कहा कि धान के बोनस के रूप में 3 लाख 69 हजार 600 मिले हैं। उसे यह उम्मीद नहीं थी कि बकाया बोनस कभी मिल पाएगा। लेकिन प्रदेश में विष्णुदेव सरकार के आते ही अब उनके खाते में धान का लंबित बोनस आ गया है। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। खेती-किसानी के लिए जरूरी संसाधन जुटाने के साथ उन्नत खाद-बीज खरीदने में करेंगे।