झाबर के राधेय विद्यापीठ में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

राजू तिवारी,गेवरा/दीपका। झाबर स्थित राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए रचनात्मकता को बढ़ावा देने हेतु भाषण, निबंध लेखन तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, संविधान निर्माण में उनके योगदान एवं सामाजिक समरसता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में एंजल भगत ने प्रथम, सरोन बागे ने द्वितीय तथा प्रिया बागे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं माध्यमिक वर्ग में अंकित आयाम प्रथम, प्रियांशी आयाम द्वितीय तथा आयुष तिर्की और सागर साहू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

भाषण प्रतियोगिता में उर्वशी चौहान प्रथम, दीक्षा जायसवाल द्वितीय एवं पीहू राठौर तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में सचिन शर्मा ने प्रथम, सोनाली शर्मा ने द्वितीय तथा रक्षा विश्वकर्मा एवं अंजली साव ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के समन्वयक योगेश मनहर ने सभी प्रतिभागियों के प्रयास, कड़ी मेहनत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी आत्मविश्वास बनाए रखने और निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।