कोरबा, 14 अप्रैल 2026। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत तेंदूभांठा गांव में जल संसाधन विभाग द्वारा निर्माणाधीन एनिकट का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी से परियोजना की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति और गुणवत्ता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एसडीएम पाली रोहित सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान परियोजना की कुल लागत, इससे लाभान्वित होने वाले गांवों की संख्या, किसानों की भागीदारी तथा प्रस्तावित सिंचित रकबे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह एनिकट परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो, ताकि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और कृषि उत्पादन में सुधार होगा।
