छत्तीसगढ़ पावर कंपनी में 1235 पदों पर होगी बंपर भर्ती, राज्य गठन के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर निकली वैकेंसी - vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ पावर कंपनी में 1235 पदों पर होगी बंपर भर्ती, राज्य गठन के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर निकली वैकेंसी

रायपुर, 07 अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने 1235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। राज्य गठन के बाद पहली बार बिजली कंपनियों में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती से एक ओर हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली कंपनियों को पर्याप्त मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा।

जारी जानकारी के अनुसार, यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में की जाएगी। भर्ती में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न पद शामिल किए गए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर जल्द भर्ती की जाए। उनके निर्देशों के बाद पावर कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार का मानना है कि पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने से बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था अधिक मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भर्ती प्रक्रिया को तेजी से और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली उपभोक्ताओं और बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके चलते अतिरिक्त तकनीकी और गैर-तकनीकी कर्मचारियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार, राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 18.91 लाख थी, जो अब बढ़कर 67 लाख तक पहुंच गई है। इसी तरह बिजली की अधिकतम मांग 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट हो गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट क्षमता वाले सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना का कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पारेषण और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए नए उपकेंद्रों और बिजली लाइनों का विस्तार किया जा रहा है।

भर्ती का विज्ञापन छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) विभाग द्वारा जारी किया गया है। कुल 1235 पदों में 189 द्वितीय श्रेणी के पद, 711 तृतीय श्रेणी के पद तथा 335 चतुर्थ श्रेणी के पद शामिल हैं।

कंपनीवार रिक्तियों की बात करें तो छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में 547 पद, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में 96 पद, स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 415 पद तथा तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर के लिए 177 पदों पर भर्ती की जाएगी।

सबसे अधिक भर्ती डाटा एंट्री ऑपरेटर के 400 पदों पर होगी। इसके अलावा प्लांट अटेंडेंट के 300 पद, सहायक अभियंता के 146 पद और कनिष्ठ अभियंता के 122 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पदों पर भी योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

पावर कंपनी प्रबंधन ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, पात्रता, चयन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तें, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। आवेदन तिथि और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा भी जल्द की जाएगी। अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकेंगे।

यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मानी जा रही है। साथ ही सरकार का उद्देश्य बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए बढ़ती मांग के अनुरूप बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।